The Digital 24 News

जबलपुर से पुणे,कोलकाता,अहमदाबाद के लिए शीघ्र शुरू होगी सीधी उड़ान,सांसद आशीष दुबे ने केंद्रीय विमानन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू से की मुलाक़ात

 

The Digital 24 मध्य प्रदेश डेस्क : जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री आशीष दुबे ने गुरुवार 28 नवंबर को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू से भेंट कर जबलपुर से देश के विभिन्न नगरों के लिए हवाई सेवा प्रारंभ करने का आग्रह किया।सांसद श्री दुबे की केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से हुई चर्चा में उन्होंने सांसद को आश्वस्त किया कि जबलपुर से पुणे के बीच शीघ्र उड़ान प्रारंभ की जाएगी।सांसद श्री दुबे के आग्रह पर श्री नायडू ने कहा कि इस उड़ान को हरी झंडी दिखाने वे खुद जबलपुर आएंगे। सांसद श्री दुबे ने नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू को इस आशय का पत्र भी सौंपा जिसमें जबलपुर से पुणे,जबलपुर से कोलकाता, जबलपुर से अहमदाबाद और जबलपुर से चेन्नई हवाई सेवा प्रारंभ करने की मांग की गई है। सांसद श्री आशीष दुबे ने केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू को बताया कि जबलपुर से देश के महत्वपूर्ण नगरों के लिए हवाई सेवा प्रारंभ करने की अत्यंत आवश्यकता है।
नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू से उन्होंने कहा कि वे पूर्व में उनसे (नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू) भेंट कर और विगत अक्टूबर माह में उन्हें पत्र लिखकर जबलपुर के जनमानस की इस भावना, मांग और आवश्यकता से अवगत करा चुके हैं। सांसद श्री दुबे ने कहा कि पूर्व में जबलपुर से अनेक नगरों की उड़ानों को आर्थिक रूप से अच्छा प्रतिसाद और लगभग फुल लोड मिलता रहा है और वर्तमान में जबलपुर से संचालित हो रही उड़ानें भी यात्री क्षमता के लक्ष्य की पूर्ति करती हैं इसीलिए अब जबलपुर से फ्लाइट कनेक्टिविटी का विस्तार हर पहलू से समय की महत्वपूर्ण मांग है। सांसद श्री आशीष दुबे ने नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू को विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि  जबलपुर भौगोलिक रूप से भारत का केंद्र बिंदु है जहां बड़े रक्षा संस्थान सहित महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान स्थित हैं वहीं पर्यटकीय रूप से भी जबलपुर विशेष स्तिथि में है जहां देश के प्रसिद्ध नेशनल पार्क कान्हा,बांधवगढ़,पेंच,पन्ना जबलपुर के निकट हैं। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल मार्बल रॉक्स,घुघवा नेशनल पार्क,वीरांगना रानी दुर्गावती का किला आदि अन्य पर्यटन स्थल भी जबलपुर में स्थित हैं या निकट हैं। फ्लाइट कनेक्टिविटी बेहतर होने से जबलपुर के समग्र विकास पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव के बारे में भी सांसद श्री दुबे ने नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू से चर्चा की। सांसद श्री आशीष दुबे ने नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू को बताया कि पहले जबलपुर से देश के विभिन्न महानगरों व नगरों के लिए सीधी अथवा वन स्टॉप उड़ान उपलब्ध थी परंतु पिछले कुछ महीनों में इसमें कमी आई है इसीलिए अब महत्वपूर्ण आवश्यकता जबलपुर से अन्य नगरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की है। कनेक्टिविटी कम होने से जबलपुर के नागरिकों को होने वाली असुविधा के बारे में भी सांसद श्री दुबे ने नागरिक विमानन मंत्री से चर्चा की।सांसद श्री दुबे ने कहा कि उनके लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान जबलपुर से पुणे के बीच उड़ान प्रारंभ किये जाने की मांग बड़े पैमाने पर की गई थी और पुणे उड़ान प्रारंभ होने से विद्यार्थियों सहित उद्यमियों को भी सहूलियत होगी वहीं मुम्बई जाने के लिए भी पुणे से एक वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। नागरिक विमानन मंत्री श्री नायडू ने सांसद श्री आशीष दुबे को आश्वस्त करते हुए कहा है कि वे शीघ्रातिशीघ्र  अन्य नगरों के लिए जबलपुर से उड़ान प्रारंभ करने संबंधी निर्णय लेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post